जीवन में सबसे बड़ी शिक्षा वह होती है जो हमें अनुभव और कहानियों से मिलती है। इस लेख में हम आपके लिए लेकर आए हैं Hindi Kahaniya with Moral – 7 ऐसी शिक्षाप्रद हिंदी कहानियाँ जो जीवन के असली मूल्यों को सरल तरीके से समझाती हैं। इन कहानियों में बच्चे और बड़े दोनों सीखेंगे कि गुस्से पर काबू कैसे पाएं, मन की शुद्धता क्यों जरूरी है, सहयोग में ही शक्ति है, ज्ञान की कोई कीमत नहीं, और अपने शरीर का सम्मान करना क्यों आवश्यक है। ये सभी कहानियाँ Kahanizone की सबसे पसंदीदा कहानियों में से हैं और आपके दैनिक जीवन में एक सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं।
1. अपने आप की कीमत:

रोहन स्कूल से वापस आते समय अपने दोस्तों के साथ एक चाय की टपरी पर चाय के साथ सिगरेट का कश लगा रहा था। उसी रास्ते से उसके पापा ऑफिस से घर जा रहे थे। रोहन को सिगरेट पीते हुए उसके पापा ने देख लिया। रोहन जब घर आया तो देखा उसके पापा सोफ़े पर बैठकर टीवी देख रहे थे। रोहन भी अपने कपड़े बदल कर पापा के पास बैठकर टीवी देखने लगा।
टीवी में किसी व्यक्ति को सिगरेट पीते हुए दिखाया गया। उसके नीचे लिखा था सिगरेट पीना स्वस्थ के लिए हानिकारक हैं। इससे कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी हो सकती हैं। रोहन के पापा ने पूछा, “इस प्रचार से तुमने क्या सीखा? रोहन ने कहा सिगरेट नहीं पीना चाहिए।”
रोहन के पिता ने उसे समझाते हुए कहा, “जिस तरह से हम लाख दो लाख की गाड़ी में पेट्रोल की जगह केरोसीन अथव डीजल नहीं डालते। क्योंकि हमें पता हैं कि उसका इंजन खराब हो जाएगा। ठीक उसी प्रकार भगवान का दिया हुआ शरीर अमूल्य हैं जिसमें आप बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू, और शराब जैसी नशीली चीजों को डाल रहे हो।
जिसके लिए आप जरा सा नहीं सोचते कि अगर शरीर का एक पार्ट लिवर, किडनी और हार्ट को बदलना पड़े तो हम करोड़ों रुपये दे कर भी पहले जैसा नहीं कर सकते। “जरा सोचो आप पूरी दुनिया के लिए एक व्यक्ति हो। लेकिन आप हमारे लिए पूरी दुनिया हो।” पापा की बातों को सुनकर रोहन का सिर शर्म से झुक गया। उस दिन से रोहन ने गलत तरीके और गलत दोस्तों का साथ छोड़ दिया।
नैतिक सीख:
अपने ऊपर काम करो, क्योंकि कहा जाता हैं स्वास्थ्य ही धन हैं।
2. गुस्सैल लड़का:

एक समय की बात हैं किसी गाँव में हरीराम नाम का एक लोहार अपने बेटे सुरेश के साथ रहता था। सुरेश को बात-बात में गुस्सा आ जाता था। वह बहुत गुस्सैल स्वभाव का बच्चा था। एक दिन उसके पिता ने उसके गुस्से से होने वाले नुकसान के बारें में समझाने के लिए कीलों से भरा एक डिब्बा दिया। उसने कहा- “बेटा जब भी तुम्हें गुस्सा आए तो एक कील निकाल कर इस बोर्ड पर ठोक देना।”
सुरेश ने पहले ही दिन बोर्ड पर कई कीलें ठोक दी। धीरे-धीरे कीलें कम होती गई। इस तरह से एक दिन ऐसा भी आया कि उसे एक भी कील ठोंकने की जरूरत ही नहीं पड़ी। सुरेश के पिता ने उसे समझाते हुए कहा कि अब जिस दिन तुम्हें गुस्सा न आए, उस दिन इस बोर्ड में से एक कील बाहर निकाल देना। इस तरह से कुछ दिनों में उस बोर्ड की सारी कीलें निकल गई।
और देखें: बुद्धिमान राजा की कहानी
एक दिन उसके पिता ने उसे लकड़ी का बोर्ड दिखाते हुए समझाया कि- “जिस तरह गुस्से में तेजी से ठोंकी गई कीलों से पूरा बोर्ड खराब हो गया। ठीक उसी प्रकार से तुम्हारा गुस्सा तुम्हारे मस्तिष्क में कीलें ठोंकने का काम करती हैं। जरा सोचो! तुम्हारे शांत होने के बाद तुम्हारे मस्तिष्क का भी बोर्ड की तरह ही हाल होता होगा। जोकि तुम्हारे लिए बहुत खतरनाक साबित हो सकता हैं।
नैतिक सीख:
गुस्सा इंसान को मानसिक, आत्मिक और शारीरिक के अलावा कई तरह से नुकसान पहुंचाता हैं।
3. हर समय बराबर नहीं होता:
रोहित बात-बात में हर किसी के अंदर दोष निकलता रहता था। उसके माता-पिता उसे कई बार समझा चुके थे कि, हमें हर किसी के अंदर उसके गुणों को देखना चाहिए, न की अवगुणों को। लेकिन, रोहित किसी की बातों पर ध्यान नहीं देता था। उसे लोगों के अंदर की बुराइयाँ ही दिखती थी। जबकि अच्छाइयाँ उसे समझ नहीं आती थी।
एक दिन बहुत गर्मी थी। जिसके कारण घर के पंखे भी काम करना बंद कर चुके थे। रोहित पसीने से तर-बतर था। उसने अपने मम्मी से कहा, “इतनी गर्मी नहीं होनी चाहिए। देखो मेरी हालत कैसी हो गई हैं।” मम्मी ने उसे समझाते हुए कहा, “कोई बात नहीं बेटा, यह गर्मी कुछ ही समय के लिए हैं। यह हमेशा ऐसे नहीं रहने वाली। सब्र रखो सब ठीक हो जाएगा।
उसके अगले दिन तेज मूसलाधार बारिश होने लगी। बारिश के कारण हर जगह पानी-ही-पानी भर गया। रोहित ने अपनी मम्मी से कहा, “मम्मी! इतनी बारिश नहीं होनी चाहिए। देखो हर जगह पानी भर गया हैं। उसकी मम्मी ने रोहित को समझाते हुए कहा, “बेटा! रोहित, प्रकृति भी हमें सीख देती हैं कि यह जीवन एक जैसा नहीं रहता। जैसे, ठंडी, गर्मी, बरसात और पतझड़ कुछ समय के लिए होते हैं। ठीक उसी प्रकार से हमारे जीवन में सुख और दुख कुछ ही समय के लिए होते हैं। जिसके लिए हमें कभी परेशान नहीं होना चाहिए।
नैतिक सीख:
जीवन में परिस्थितियाँ हमेशा एक जैसी नहीं होती हैं। इसलिए हमें विषम परिस्थितियों में भी घबराना नहीं चाहिए।
4. महान कौन:

दीपावली का समय था। चारों ओर दीपक ही दीपक झिलमिला रहे थे। तभी उनमें से एक दीपक ने कहा- “देखो, मैं अंधेरे को दूर करके प्रकाश फैला रहा हूँ।” इतना सुनते ही बत्ती बोली, “दीपक भैया, प्रकाश तो मैं भी फैला रही हूँ, देख लो मैं ही जल रही हूँ।” बत्ती की बात सुनकर तेल झट से बोल पड़ा- “बत्ती तुम भी मेरे बिना नहीं जल सकती। तुम मेरे माध्यम से ही जल कर प्रकाश फैला रही हो।
इसलिए, तुमसे मैं महान हूँ।” इस प्रकार तीनों आपस में बहस करने लगे। दीपक ने कहा- “मैं महान हूँ मेरे बिना तुम्हारी कोई सार्थकता नहीं, तो तेल और बत्ती भी अपने आपको महान कहने लगे। उनकी बातें सुनकर मिट्टी बोली “दीपक तुम महान हो क्योंकि तुमने तेल और बत्ती दोनों को आश्रय दे रखा है। लेकिन मेरे बिना तुम्हारा भी अस्तित्व नहीं हो सकता।
इसलिए अपनी अपनी जगह सभी का महत्व होता है और अपनी-अपनी जगह सभी महान होते हैं। यदि हम सब आपस में एक दूसरे का सहयोग न करें तो यह प्रकाश उत्पन्न नहीं हो सकता। प्रकाश के लिए हमारा आपस में सहयोग नितांत आवश्यक है। अब मिट्टी की बात सुनकर सब चुप हो गए।
नैतिक शिक्षा:
एक दूसरे के बिना हर कोई अधूरा हैं।
5. गुरुजी को गुरु दक्षिणा:

इस बार एक शिष्य ने गुरुजी से पूछा- “गुरुजी”! कुछ लोग कहते हैं जीवन संघर्ष हैं। कुछ जीवन खेल है और कुछ उत्सव, इनमें कौन सही है। गुरुदेव? पुत्र जिन्हें गुरु नहीं मिला, उनके लिए जीवन संघर्ष हैं। जिन्हें मिल गया उनके लिए खेल और जो लोग गुरु द्वारा बताए गए मार्ग पर चल पाते हैं। वही केवल जीवन को उत्सव का नाम देने का साहस जुटा पाते हैं।
गुरु जी के उत्तर के बाद भी शिष्य संतुष्ट नहीं लग रहा था। तभी गुरुजी ने शिष्य को एक कहानी सुनाई। एक बार की बात है गुरुकुल में तीन शिष्यों ने पढ़ाई पूरी कर गुरुजी को गुरु-दक्षिणा देना चाहते थे। गुरुजी ने कहा, “शिष्यों मुझे सूखी पत्तियों से भरा एक थैला चाहिए।” वे तीनों मन ही मन बहुत प्रसन्न हुए। क्योंकि उन्हें लगा कि वह आसानी से अपने गुरुजी की इच्छा पूरी कर सकेंगे।
वे बड़े ही उत्साहपूर्ण स्वर में बोले… जी गुरु जी! और वे जंगल की ओर निकल पड़े। लेकिन वहाँ यह देखकर हैरान रह गए कि जंगल में सूखी पत्तियां तो केवल मुट्ठी भर ही थी। तभी उन्हें वहाँ एक व्यक्ति दिखा। शिष्य ने उस व्यक्ति से पूछा, कि जंगल में सूखी पत्तियां कौन ले गया?
उस व्यक्ति ने उत्तर दिया कि सूखी पत्तियां ईधन के रूप में पहले ही उपयोग हो चुकी है। अब वे तीनों पास के गाँव में इस आशा से चल पड़े कि उन्हें वहाँ एक थैला सूखी पत्ती जरूर मिल जाएगा। गांव पहुंचते ही उन्होंने एक व्यापारी से एक थैला सूखी पत्तियों को देने को कहा। परंतु वहाँ भी निराशा हासिल हुई। क्योंकि व्यापारी कुछ देर पहले ही सूखी पत्तियों को औषधि बनाकर बेच चुका था।
और कहानियां देखें: सच्ची दोस्ती की कहानी
जो हो सकता था वह तीनों कर चुके थे। परंतु उन्हें कहीं से एक थैला सूखी पत्ती नहीं मिली। आखिरकार वह थक हारकर वापस गुरुजी के पास लौट गए। “अरे आ गए पुत्रों, आओ ले आए थैला। तीनों के सिर झुके रह गए। पूछने पर एक शिष्य ने बताया कि… हम लोगों को लगा की सुखी पत्तियां तो ऐसे ही व्यर्थ पड़ी रहती है। वह हमें शीघ्र मिल जाएंगी। परंतु हमें कहीं नहीं मिली।
गुरु जी मुस्कुराये और बोले, बच्चों जैसे पेड़ की सूखी पत्तियां व्यर्थ नहीं होती। ऐसे ही ज्ञान रूपी वृक्ष की सूखी पत्तियां भी व्यर्थ नहीं हुआ करती, बल्कि उनके भी अनेक उपयोग हुआ करते हैं। जाओ ज्ञान का प्रकाश फैलाओ। मेरे लिए यही गुरु दक्षिणा है। तीनों शिष्य प्रसन्न हो गए। गुरु को प्रणाम करके खुशी-खुशी घर चले गए। इस दुनिया में कुछ भी व्यर्थ नहीं है। हर चीज महत्वपूर्ण है।
नैतिक शिक्षा:
हर चीज का अपना महत्त्व हैं।
6. किसान और बच्चे:

एक समय की बात हैं। एक किसान अपने खेतों की सिंचाई कर कर रहा था। जिसके कारण उसने अपने जूते और कपड़ों को दूर खेत के किनारे एक पेड़ के नीचे रख दिया था। घंटों बाद वहाँ पर कुछ बच्चे आकर खेलने लगे। खेलते-खेलते बच्चों को मस्ती सूझी, उन्होंने किसान के व्यक्तित्व को जानने की इच्छा जाहिर की।
बच्चों ने किसान के जूते में कुछ कंकड़ और कपड़ों में पैसे डाल दिए। सभी बच्चे वही झाड़ी के पीछे छिप गए। किसान कपड़े पहनते समय देखा कि उसके जेब में कुछ पैसे रखें हैं। उसने इधर-उधर देखा, उसे कोई दिखाई नहीं दिया। वह उन पैसों को खुशी-खुशी अपने पास रख लिया।
और कहानी देखें: प्रेरणादायक कहानी हिन्दी में
किसान जूते पहनकर चलना शुरू किया, जूते में कंकड़ होने के कारण चल नहीं सका। जूता निकालकर देखा तो उसमें कुछ कंकड़ डाले हुए थे। वह चीखते-चिल्लाते हुए कहने लग, “मेरे साथ ऐसा किसने किया, कोई मेरे सामने क्यों नहीं आता” ऐसा कहते हुए गुस्से से भरा हुआ अपने घर को चला गया।
बच्चे झाड़ी से निकलने के बाद एक दूसरे को समझाते हैं। देखा तुम लोगों ने! थोड़ा सा दुख क्या आया। किसान ने हम लोगों को क्या-क्या कह डाला और जब उसे पैसे मिले थे तो वह कितना खुश हुआ था।
कहानी से सीख:
सुख-दुख जीवन के दो पहलू हैं। हमें हर परिस्थितियों में एक समान रहना चाहिए।
7. मन निर्मल तो तन निर्मल:

कृष्णा नदी के किनारे एक महर्षि का आश्रम था। उस आश्रम में दूर-दूर से शिष्य शिक्षा ग्रहण करने आते थे। आसपास के गांवों में उनकी काफी ख्याति थी। साल में एक बार महर्षि गाँवों में जाकर लोगों के दुख दर्द को सुनते एवं उन्हें उचित सलाह भी देते। बदले में गाँव वाले उन्हें कुछ-ना-कुछ चीजें उपहार में दिया करते थे।
हर साल की तरह इस साल जब महर्षि गाँव में पहुँचे तो लोगों को बिजली की तरह उनके आने की सूचना मिल गई। खुली जगह में एक घने पेड़ के नीचे उन्होंने अपना आसन जमाया। देखते-ही-देखते गाँव वालों की भीड़ वहाँ जमा हो गई। एक-एक कर महर्षि सबका दुख दर्द सुनाने लगे। उन्हें उचित सलाह भी दे रहे थे। साथ ही उनके द्वारा लाए गए उपहार को स्वीकार करते जा रहे थे।
काफी देर बाद एक जमींदार साहब सुसज्जित रथ पर सवार होकर वहाँ पहुँचे। उनके तन पर बेशकीमती वस्त्र थे। गले में मोतियों की माला और दोनों हाथों की अंगुलियों में हीरे जड़ित अंगूठियां थी। रथ से उतरकर महर्षि के करीब आकर उन्हें प्रणाम कर बोले, “महाराज, मेरे पास सब कुछ है। मगर मन अशांत है। कुछ उपाय बताइए।”
और भी देखें: तीरंदाज राजकुमार की कहानी हिन्दी में
जमींदार की क्रूरता और उसकी दुष्ट नीयत से महर्षि भली-भाँति अवगत थे। महात्मा ने कहा, “तुम्हारी मूर्खता की वजह से तुम्हारे मन में अशान्ति है।” कैसी मूर्खता? किसी तरह उसने अपने क्रोध को दबाकर महर्षि से पूछा। महर्षि ने अपने पास रखे नारियल को हाथ में लेकर कहा, “अगर इसका बाहरी हिस्सा साफ-सुथरा हो और अंदर का फल सड़ा हो तो उसका क्या महत्व है?”
“कुछ नहीं।” देखो बाहरी हिस्सा तन है और अंदर का हिस्सा मन हैं। तुम्हारी मूर्खता यही है कि तुमने अपने तन को तो साफ-सुथरा रखा मगर मन को सड़ा दिया। मन के मैल की वजह से तुम्हारे जीवन में ‘आशांति’ है। तुमने गरीब जनता का शोषण ही नहीं किया है, उन पर अत्याचार और अन्याय भी किया है। जिनसे तुम्हारा मन काफी मैला हो चुका है।
मन में, जब मैल हैं तो वहाँ शांति कहाँ से, कैसे आएगी?” महर्षि ने दो टूक बात कही। जमींदार सहम गया। उसने कहा – “महाराज, अब मैं क्या करूँ?” गुरु जी ने कहा- “सदव्यवहार और परोपकार करके ही अपने मन की मैल को साफ कर सकते हो।” तभी सच्ची शांति तुम्हें मिलेगी। अपनी भूल का एहसास जमींदार को हो गया। उन्होंने महर्षि की बात मान ली। और उनके बताए रास्ते पर चलना शुरू कर दिया।
नैतिक शिक्षा:
बाहरी दिखावे से अच्छा हैं आंतरिक मजबूती।
🙋♂️ FAQs – शिक्षाप्रद हिंदी कहानियाँ
Alok Kumar is a passionate storyteller and professional content writer with over 9 years of experience crafting meaningful, reader-friendly content. He specializes in Hindi stories, moral stories for children, inspirational narratives, and value-driven educational writing that sparks imagination and encourages positive thinking, making stories enjoyable for readers of all ages.

